Friday 5 April 2013

जीवन और मौसम

Leave a Comment
जीवन और मौसम
मन रे ........ काहें को नीर बहाये.
जीवन मौसम की भांति है, रुत आये - रुत जाये.
शिशिर - बसंत में मस्त पवन बह, अंग -अंग सहलाये.
होली - चईत का धुन हर मन में, मिलन की लगन जगाये.
मौसम की यौवन अनुभूति, नस - नस आग लगाये.
बिरहिन की आँखों - आँखों में, ही रजनी कट जाये.
शीत ऋतु गयी - आई गर्मी, कोमल तन झुलसाये.
जीवन मौसम की भांति है, रुत आये - रुत जाये.
मन रे ........ काहें को नीर बहाये.
जेठ का तेवर देख के डर से, सब घर में छिप जाये.
दिन - दुपहरिये ही गोरी को, पिय का संग मिल जाये.
गरमी का भी अपना सुख है, सजनी बेन डोलाये.
खेत - बधार से मिल गई छुट्टी , सब मिल मोद मनाये.
पड़त फुहार खिलत मन - बगिया, वर्षा ऋतु जब आये.
जीवन मौसम की भांति है, रुत आये - रुत जाये.
मन रे ........ काहें को नीर बहाये.
चढ़त अषाढ़ भरे नदी - नाले, खेतों में हरियाली.
सावन में गोरी की हथेली, में मेहंदी की लाली.
आसिन - कार्तिक में खेतों में, झूमे धान की बाली.
अगहन अपने साथ ले आती, घर - घर में खुशहाली.
पौष की धौंस से सहमी गोरी, पिय को सनेस पठाये.
जीवन मौसम की भांति है, रुत आये - रुत जाये.
मन रे ........ काहें को नीर बहाये.
---- सतीश मापतपुरी

0 comments:

Post a Comment

Thank you giving your feedback. Your Feedback with help us to improve our article.
If you want to apply for "Franchise" or, STUDY CENTER . Please call :08986054337